गोंडा: जिले में 23 जून को देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल का महत्वपूर्ण दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह जनसुनवाई, निर्माणाधीन परियोजनाओं के निरीक्षण और ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले संध्या संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
जनसुनवाई में सीधे सुनी जाएंगी लोगों की समस्याएं
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई आयोजित होगी। इस दौरान जिले के नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे मंडलायुक्त के समक्ष रख सकेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की विभागीय व पेंशन संबंधी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का होगा स्थलीय परीक्षण
दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयुक्त जिले में संचालित निर्माणाधीन परियोजनाओं और विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की जाएगी, ताकि योजनाओं को तय मानकों के अनुरूप पूरा कराया जा सके।
अधिकारियों को अभिलेखों के साथ मौके पर रहने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जनपद स्तर पर गठित त्रिसदस्यीय तकनीकी टीम द्वारा पूर्व में की गई जांच की रिपोर्ट भी निरीक्षण स्थल पर प्रस्तुत की जाएगी, जिससे कार्यों का समग्र मूल्यांकन किया जा सके।
Also Read:कर्नलगंज को मिलेगी करोड़ों की सौगात! कल गोंडा पहुंचेंगे CM योगी, प्रशासन हाई अलर्ट पर
ग्राम पंचायत में होगा संध्या संवाद और लाभार्थियों को मिलेंगे प्रमाण-पत्र
शाम 5 बजे से 7 बजे तक चयनित ग्राम पंचायत में संध्या संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा शिविर लगाकर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चयनित लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को कार्यक्रम की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































