UP: चंदौली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मुगलसराय पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
चकिया तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक हुंडई सैंट्रो कार में बड़ी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और कार को रोकने का प्रयास किया। हालांकि चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
बिहार निवासी आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतहर फारुकी (28) पुत्र सुल्तान फारुकी निवासी बरेज, पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार से 17 पैकेटों में रखा कुल 31 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में होती थी सप्लाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी समेत आसपास के जिलों में इसकी आपूर्ति करता था। पकड़ी गई खेप भी बिक्री के उद्देश्य से वाराणसी ले जाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी इस अवैध कारोबार से अच्छी कमाई कर रहा था।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना मुगलसराय में मुकदमा संख्या 286/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संभावित तस्करों की जानकारी जुटाने में लगी है। कार्रवाई के दौरान 31.200 किलोग्राम गांजा और हुंडई सैंट्रो कार संख्या OR02 AK 8591 को भी जब्त कर लिया गया।



















































