Raebareli: उत्तर प्रदेश की सियासत में साल 2027 के विधानसभा चुनावों का पारा अभी से हाई होने लगा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सूबे के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक तरकश का सबसे धारदार तीर—’PDA रथ यात्रा’- को लॉन्च करने के लिए रायबरेली की जमीन को चुना। बछरांवा टोल प्लाजा पर जैसे ही अखिलेश का काफिला पहुंचा, वहां का नज़ारा किसी राजनीतिक महासंग्राम से कम नहीं था।
टोल प्लाजा पर उमड़ा जनसैलाब, जिधर देखो उधर लाल टोपी!
बछरांवा टोल प्लाजा पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटना शुरू हो गया था। जैसे ही अखिलेश यादव का हाई-टेक पीडीए रथ वहां पहुंचा, हजारों की संख्या में मौजूद सपाइयों ने ऐसा जोश दिखाया कि देखते ही बनता था। हर तरफ सिर्फ और सिर्फ लाल टोपियों का समंदर नजर आ रहा था। अखिलेश यादव ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में रथ से बाहर आकर कभी हाथ हिलाकर तो कभी दोनों हाथ जोड़कर इस भारी-भरकम भीड़ का अभिवादन किया। समर्थकों के नारों से पूरा टोल प्लाजा गूंज उठा।
अब जीआईसी मैदान में होगी आर-पार की हुंकार
बछरांवा से शुरू हुआ यह सियासी कारवां अब सीधे शहर के जीआईसी मैदान की तरफ कूच कर चुका है। जीआईसी मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इस महारैली के जरिए अखिलेश यादव 2027 के चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में हैं। सूत्रों की मानें तो इस जनसभा में अखिलेश यादव बीजेपी सरकार पर जमकर सियासी तीर चलाएंगे और ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के जरिए चुनावी रण का शंखनाद करेंगे। फिलहाल, रायबरेली की सड़कों पर सपा का शक्ति प्रदर्शन यह बता रहा है कि 2027 का दंगल बेहद दिलचस्प होने वाला है।














