गोण्डा : कर्नलगंज पुलिस ने गोण्डा-लखनऊ मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना कारित करने के आरोप में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे.
पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज अभिषेक दवाच्या के नेतृत्व में थाना कर्नलगंज पुलिस ने आरोपी मो. शोएब पुत्र मो. सगीर निवासी मोहल्ला कसगरान तथा मो. आबिद पुत्र मो. सलीम निवासी सदर बाजार, कर्नलगंज को पावर हाउस के आगे नहर पुलिया, करनैलगंज-चौरी चौराहा हाईवे मार्ग से गिरफ्तार किया.
पुलिस के अनुसार 10/11 जून की रात गोण्डा-लखनऊ मार्ग पर नरायनपुर मांझा के पास पहले एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार संजय कुमार तिवारी को टक्कर मार दी थी। घटना के बाद स्थानीय लोग और राहगीर उनकी मदद के लिए मौके पर जुटे थे। इसी दौरान एक चार पहिया वाहन पर सवार दो व्यक्तियों ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी.
इस दुर्घटना में गुलशन चौहान, संजय कुमार तिवारी, हसन मोहम्मद, मोहम्मद शाकिर उर्फ इम्तियाज तथा गंभीर रूप से घायल अंशुमान की मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज कराया गया।
घटना के संबंध में थाना कर्नलगंज में मुकदमा संख्या 343/2026 धारा 125(ए), 125(बी), 105 एवं 324(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तारी करने वाली टीम में अतिरिक्त निरीक्षक अरविन्द कुमार, हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार तथा हेड कांस्टेबल कमल सिंह शामिल रहे.












































