UP: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा जिले के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र स्थित चकरौत गांव में 516 करोड़ रुपये की लागत वाली 262 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव और शहर दोनों क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
‘विकास अब कुछ इलाकों तक सीमित नहीं’
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले विकास कार्य कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक सीमित थे, लेकिन अब प्रदेश के सभी हिस्सों में समान रूप से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोंडा, बहराइच, बस्ती, श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि श्रावस्ती में एयरपोर्ट निर्माण का काम भी प्रगति पर है।
कानून व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों पर दिया संदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगों की घटनाएं आम थीं और धार्मिक आयोजनों के दौरान कई तरह की बाधाएं उत्पन्न होती थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और कोई भी व्यक्ति सामाजिक सौहार्द और परंपराओं को प्रभावित करने का साहस नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा की,अब दंगाइयों की नहीं चलती, अयोध्या में रामद्रोही घुस नहीं सकता।
स्वच्छता और सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी गोंडा की पहचान देश के सबसे गंदे शहरों में होती थी, लेकिन अब स्थिति में काफी बदलाव आया है और शहर स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन विदेशी आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष और राष्ट्ररक्षा की प्रेरणा देता है। अयोध्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आज वहां श्रद्धालुओं और राम भक्तों को सम्मानजनक वातावरण मिला है।
Also Read: ‘अगर सामने वाला देश और समाज के लिए खतरा हो तो हिंसा अपननी…’, लखनऊ में गरजे सीएम योगी
सांसद करण भूषण सिंह ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
कार्यक्रम में कैसरगंज से सांसद करण भूषण सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास और सुशासन की नई पहचान स्थापित हुई है।

















































