‘प्रयागराज, दिल्ली, कोटा…’, नीट पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी का राष्ट्रव्यापी अभियान, 17 जून से होगी शुरुआत

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नीट समेत विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर युवाओं के बीच बड़ा अभियान शुरू करने जा रहे हैं। कांग्रेस इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी में है और इसके जरिए छात्रों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक मंच पर लाने की कोशिश करेगी। अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से होगी, जिसे देश का प्रमुख कोचिंग हब माना जाता है।

कई शहरों में आयोजित होंगे छात्र सम्मेलन

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, कोटा के बाद यह अभियान देश के अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंचेगा। कार्यक्रमों का आयोजन 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में किया जाएगा। इन सम्मेलनों में छात्रों, शिक्षकों, युवा संगठनों और परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित अभ्यर्थियों को शामिल करने की योजना बनाई गई है।

Also Read: ‘NEET, CBSE, SSC, और आज CUET, एक भी परीक्षा ईमानदारी से नहीं हुई…’, राहुल गांधी का सरकार पर हमला

युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय मंच पर उठाने की कोशिश

पार्टी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य उन लाखों युवाओं की चिंताओं को सामने लाना है, जिनका भविष्य बार-बार पेपर लीक, बढ़ते परीक्षा खर्च और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था के अभाव के कारण प्रभावित हो रहा है। कांग्रेस सरकार की नीतियों को इन समस्याओं के लिए जिम्मेदार बताते हुए निष्पक्ष और भरोसेमंद शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली की मांग को प्रमुखता से उठाएगी।

एनएसयूआई और युवा कांग्रेस संभालेंगी जनसंपर्क की जिम्मेदारी

केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी विभिन्न शहरों में छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला को संबोधित करेंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, प्रदेश और जिला कांग्रेस समितियों सहित पार्टी की स्थानीय इकाइयों को सक्रिय किया जाएगा। कोचिंग संस्थानों, विश्वविद्यालयों, स्कूलों और युवा केंद्रों में संवाद कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अलावा सोशल मीडिया अभियान, लाइव स्क्रीनिंग और छात्रों से सीधे संपर्क के जरिए व्यापक जनजागरण का प्रयास किया जाएगा।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)