UP: रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के लालूपुर खास गांव स्थित श्री आस्तिक स्वामी मंदिर के पास बुधवार को सई नदी में एक विवाहिता का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान छतैया निवासी लक्ष्मी वर्मा (30) पत्नी धर्मराज वर्मा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
मवेशियों को पानी पिलाने गए ग्रामीण ने देखा शव
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब दो बजे एक ग्रामीण अपने पशुओं को पानी पिलाने के लिए सई नदी किनारे पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर पुल के नीचे नदी में औंधे मुंह पड़े महिला के शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पहुंचे हेड कांस्टेबल गौरव पटेल ने नदी में उतरकर शव को बाहर निकाला। मृतका की पहचान उसके पास मिले पर्स, मोबाइल सिम और रायबरेली विधानसभा की एक पर्ची के आधार पर की गई।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
मृतका की मां ज्ञानवती ने बेटी की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लक्ष्मी को अक्सर प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन सुबह दामाद का फोन आया था, लेकिन बेटी से बात नहीं कराई गई। परिवार के अनुसार लक्ष्मी चार माह की गर्भवती थी और उसकी पांच वर्षीय बेटी उन्नति भी है।
गर्भवती थी मृतका, परिवार में पसरा मातम
लक्ष्मी की मौत की खबर से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में शोक का माहौल है। चार माह की गर्भावस्था और पीछे छूट गई मासूम बेटी को लेकर गांव के लोगों में भी दुख और तरह-तरह की चर्चाएं हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Also Read: वाराणसी: नर्सिंग छात्रा की मौत पर बड़ा खुलासा, पोस्टमार्टम में सामने आई बर्बरता की कहानी
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं और मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































