उत्तर प्रदेश: महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद हरकत में आई पुलिस, युवती के लापता होने पर दर्ज हुआ केस

उत्तर प्रदेश: अमेठी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 20 वर्षीय युवती के अचानक गायब होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवती 13 जून की शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका, जिससे परिजन गहरे चिंतित हैं।

युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव से जुड़े एक युवक ने युवती को अपने प्रभाव में लेकर साथ ले गया। परिजनों का कहना है कि युवती के गायब होने के साथ ही घर में रखे कुछ जेवरात और करीब 10 हजार रुपये नकद भी नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

Also Read: UP: रायबरेली में सई नदी में मिला गर्भवती महिला का शव, इलाके में मची सनसनी

पुलिस कार्रवाई न होने पर महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया

घटना के बाद परिवार ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने पर उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या से मुलाकात की। परिजनों ने उनसे मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।

महिला आयोग के निर्देश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. प्रियंका मौर्या ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अमेठी पुलिस ने आरोपी अनुराग उर्फ अन्नू निवासी गूंजीपुर, थाना संग्रामपुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 87 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।

Also Read: UP: 3 लाख रुपये के 16 गुम मोबाइल बरामद, खरगूपुर पुलिस ने मालिकों को लौटाए

युवती की तलाश में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी श्रीराम पाण्डेय ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और युवती की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों ने युवती को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)