फर्रुखाबाद, अमृतपुर। जिले के अमृतपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक शादी समारोह की तैयारियों के बीच बड़ा सड़क हादसा हो गया। टेंट का सामान लेकर जटपुरा गांव जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में ट्रॉली पर सवार नौ युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और शादी की खुशियां पलभर में चिंता और अफरा-तफरी में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निवासी दिनेश पुत्र बहादुर सिंह कुशवाह की पुत्री रुचि का विवाह समारोह आयोजित होना था। शादी की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अमृतपुर से जटपुरा गांव टेंट का सामान भेजा जा रहा था। ट्रैक्टर चालक अमित वाहन चला रहा था, जबकि गांव के कई युवक टेंट लगाने और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करने के लिए ट्रॉली पर सवार होकर जा रहे थे।
बताया गया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही करनपुरदत्त मार्ग पर पहुंची, तभी एक मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खाई में पलट गई। ट्रॉली में लदा भारी टेंट सामग्री, कुर्सियां और अन्य सामान युवकों के ऊपर जा गिरा, जिससे कई लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को सामान के नीचे से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में अमृतपुर थाना पुलिस और क्षेत्राधिकारी अमृतपुर ऐश्वर्या उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भेजा गया। वहीं देर शाम अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए।
हादसे में घायल युवक
दुर्घटना में प्रेम सिंह (20), सुधांशु (18), पुष्पेंद्र (35), अंकित (22), सनी कुमार (18), प्रांशु (17), गौरव (21), अजय (19) और आदित्य (20) घायल हो गए।
गंभीर घायलों को लोहिया अस्पताल भेजा गया
घायलों में प्रेम सिंह, सुधांशु, पुष्पेंद्र और अंकित की हालत अधिक गंभीर होने पर परिजन उन्हें सीधे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं सनी, प्रांशु, गौरव, अजय और आदित्य को सीएचसी राजेपुर में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में सभी घायलों का उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और घायल युवकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में शादी की खुशियों का माहौल था, वहां अब घायलों की सलामती को लेकर चिंता और दुआओं का दौर चल रहा है।
https://youtu.be/RhSUSRnw_vI?si=g4ooHiDWkEyqcnm8
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































