‘जमीन खाने के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव…’, मोहन यादव के बचाव में उतरे ओपी राजभर, अखिलेश यादव पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की जमीन खरीद से जुड़े विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। योगी सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोहन यादव लंबे समय से रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े रहे हैं और उनकी जमीनों को लेकर विपक्ष बेवजह मुद्दा बना रहा है। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा से जुड़े लोगों ने भी मध्य प्रदेश में निवेश किया है और अब अपनी भूमिका उजागर होने के डर से हंगामा खड़ा किया जा रहा है।

एक्स पोस्ट में राजभर ने उठाए कई सवाल

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबी पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव से पूछा कि वह मोहन यादव के मामले को लेकर इतना शोर क्यों मचा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी भरत यादव, जो राज्य सड़क विकास निगम के चेयरमैन हैं, सपा के पूर्व कोषाध्यक्ष चंद्रपाल यादव के दामाद हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि हाईवे परियोजनाओं की जानकारी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने जमीनों में निवेश किया और इसी वजह से सपा नेतृत्व बेचैन है।

Also Read: ‘गोमती रिवरफ्रंट घोटाले में सपा ने खाया पैसा …’, ओपी राजभर का बड़ा दावा, बोले- एक एक राज खोलूंगा

सैफई परिवार पर भी लगाए गंभीर आरोप

राजभर ने आरोप लगाया कि जमीन ‘खाने’ के मामले में सैफई परिवार का पुराना रिकॉर्ड और अनुभव रहा है। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान फिरोजाबाद से इटावा तक बड़े पैमाने पर जमीन खरीदकर रूट को प्रभावित किया गया और बाद में मुआवजे का लाभ उठाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जांच एजेंसियों को यह पता लगाना चाहिए कि मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश के किन प्रभावशाली लोगों ने निवेश किया है।

अखिलेश बोले- भाजपा खुद मोहन यादव को बदनाम कर रही

वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पूरे विवाद को भाजपा की आंतरिक राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले से रियल एस्टेट कारोबार में थे, इसलिए उनके परिवार द्वारा जमीन खरीदना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को यह जानकारी पहले से थी तो अब इस मुद्दे को उठाने का क्या औचित्य है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा अपने ही मुख्यमंत्रियों को बदलने की रणनीति बना रही है और इसी वजह से ऐसे आरोप सामने लाए जा रहे हैं।

Also Read: ‘अखिलेश बाबू आप एकदम्मे चुप्पी साधे हैं…’,अमेठी विवाद पर ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला

2027 चुनाव को लेकर भी भाजपा पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को बदलने के विकल्प तलाश रही है। उन्होंने कहा कि केवल चेहरा बदलने से उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति नहीं सुधरेगी। सपा प्रमुख ने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की “साइकिल” तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगी और विपक्षी दल खुद उसके लिए रास्ता साफ करेंगे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)