बलिया : अधूरी परियोजनाओं पर धरने की चेतावनी, सपा सांसद ने दी 30 अगस्त तक की डेडलाइन; बोले- 12 साल में जनता को सिर्फ धोखा मिला

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद सनातन पाण्डेय ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्षों तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल में देश की जनता को केवल ठगा गया है.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सत्ता में आने से पहले हर वर्ष 2 करोड़ रोजगार देने, प्रत्येक नागरिक के खाते में 15 लाख रुपये भेजने, हवाई चप्पल पहनने वाले को हवाई जहाज में सफर कराने तथा किसानों की आय दोगुनी करने जैसे कई वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि देश की बागडोर कमजोर हाथों में है.

सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि विदेशों से काला धन वापस लाने का वादा भी अधूरा रह गया, जबकि नोटबंदी के बाद आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद देश में किसानों की आत्महत्याओं में वृद्धि हुई, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी रही. उन्होंने कहा कि आज देश को केवल चार लोग चला रहे हैं दो लोग देश की संपत्तियां बेच रहे हैं और दो लोग उन्हें खरीद रहे हैं. उन्होंने नाम लेते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री बेचने का कार्य कर रहे हैं, जबकि अडानी और अंबानी खरीदने का कार्य कर रहे हैं.

Also Read – उत्तर प्रदेश : ‘भगवान राम को भी नहीं बख्शा’… रायबरेली में गरजे सांसद किशोरी लाल शर्मा, पेपर लीक से लेकर राम मंदिर चढ़ावे तक सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकार के कार्यों का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में विकास की मजबूत नींव रखी थी. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान भाजपा सरकार नौ वर्षों में उस स्तर का कोई नया कार्य नहीं कर सकी. उन्होंने कहा कि सरकार योजनाओं के नाम बदल सकती है, लेकिन समाजवादी सरकार के विकास कार्यों की बराबरी नहीं कर सकती.

सांसद सनातन पाण्डेय ने घोषणा की कि यदि 30 अगस्त 2026 तक वर्तमान सरकार द्वारा घोषित परियोजनाएं पूरी नहीं होती हैं, तो समाजवादी पार्टी प्रत्येक अधूरी परियोजना स्थल पर क्रमवार एक-एक दिन का धरना-प्रदर्शन करेगी.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)