रायबरेली : जनपद के तिलक भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर भड़ास निकाली. राहुल गांधी द्वारा छात्रों के मुद्दों को लेकर शुरू किए गए अभियान ‘छात्रों की गूंज’ का समर्थन करते हुए सांसद ने देश के शिक्षा सिस्टम और पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए.
सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पर्चे लीक हो रहे हैं. यह सिर्फ पेपर लीक का मामला नहीं है, बल्कि देश के लाखों छात्रों और उनके माता-पिता के साथ एक बड़ा छल है. उन्होंने भावुक और आक्रामक अंदाज में कहा कि गरीब मां-बाप अपना पेट काटकर बच्चों को महंगी कोचिंग दिलाते हैं, सालों तक बच्चे मानसिक तनाव झेलकर परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन अंत में क्या मिलता है? पेपर लीक.
उन्होंने महाराष्ट्र में हाल ही में हुए टीईटी (TET) पेपर लीक का हवाला देते हुए पूछा कि आखिर यह कैसा एजुकेशन सिस्टम है? क्या सरकार निजी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी तंत्र को खोखला कर रही है?, जो सरकार देश के अंदर एक साफ-सुथरी परीक्षा तक नहीं करवा सकती, उसे नकारा नहीं तो और क्या कहेंगे?
राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बड़ा बयान, बोले- भगवान राम को भी नहीं बख्शा
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी और वित्तीय अनियमिताओं के आरोपों पर चल रहे विवाद पर भी सांसद ने बड़ा धमाका किया. कुछ लोगों पर मुकदमा दर्ज होने और बाकी को छोड़ दिए जाने तथा मीडिया कवरेज पर लगी पाबंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने इसे एक सोची-समझी ‘कवरअप स्टोरी’ करार दिया.
Also Read : चंदौली में ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पुलिस का बड़ा एक्शन, 2.5 लाख की अवैध शराब कराया नष्ट
शर्मा ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि इन्होंने तो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम को भी नहीं बख्शा. भगवान राम हम सबके आराध्य हैं, लेकिन इन लोगों ने राम के नाम पर ही धोखा दे दिया. उन्होंने कहा कि राम मंदिर के लिए ₹5 की कमाई से चंदा देने वाले गरीब से लेकर अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों तक, सबने दिल खोलकर दान दिया था. लेकिन आज उस पैसे का कोई हिसाब-किताब नहीं है. जनता के पैसे में पारदर्शिता होनी चाहिए, लेकिन सरकार इसे छुपाने में लगी है.
इस प्रेसवार्ता के दौरान सांसद के तेवरों से साफ था कि आने वाले समय में कांग्रेस पेपर लीक और राम मंदिर के चंदे में कथित धांधली के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)









































