UP: सोनभद्र जिले में मानसून की पहली तेज बारिश एक परिवार के लिए भारी त्रासदी बन गई। अनपरा थाना क्षेत्र में एमटीसी कंपनी के पास अचानक उफनाए बरसाती नाले में 25 वर्षीय सविता अपने आठ महीने के बेटे के साथ बह गईं। इस हादसे में मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
तेज बहाव ने नहीं दिया संभलने का मौका
पुलिस के अनुसार, सविता का घर नाले के बिल्कुल नजदीक है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि वह देर शाम बच्चे को साथ लेकर घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे बरसाती नाले का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ गया। नाला पार करने के दौरान दोनों तेज धारा की चपेट में आ गए और देखते ही देखते बह गए।
Also Read: संभल में 101 करोड़ का सरकारी ‘लैंड स्कैम’…’, पूर्व ईओ राजकुमार गुप्ता गिरफ्तार
तीन किलोमीटर दूर मिला बच्चे का शव
रात में घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और राहत दल ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया। काफी तलाश के बाद घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर आठ महीने के बच्चे का शव बरामद कर लिया गया। वहीं, महिला की तलाश के दौरान नाले के पास से केवल उसके कपड़े मिले हैं, लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पति के पहुंचते ही मचा कोहराम, तलाश जारी
हादसे के समय सविता का पति घर पर मौजूद नहीं था। घटना की सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचा, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें नाले और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं ताकि लापता महिला का पता लगाया जा सके।
बारिश के मौसम में बरतें सतर्कता
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। परिजन अब भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि सविता सुरक्षित मिल जाए। वहीं यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों के आसपास बेहद सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि तेज बहाव कुछ ही पलों में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।












































