उत्तर प्रदेश : चंदौली में पेट्रोल पंप संचालक का आरोप, बोलेरो सवारों ने जबरन पेट्रोल भरवाकर दी धमकी, CCTV में कैद हुई घटना

चंदौली: जिले के इलिया थाना क्षेत्र के डेहरी खुर्द स्थित परमहंस पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान को लेकर विवाद हो गया. पेट्रोल पंप संचालक ने बोलेरो सवार कुछ लोगों पर पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए जाने तथा विरोध करने पर गाली – गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. घटना पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

पीड़ित संचालक चंद्रप्रकाश यादव के अनुसार बोलेरो से आए कुछ लोगों ने वाहन में पेट्रोल भरवाया, लेकिन भुगतान करने से इनकार कर दिया. कर्मचारियों द्वारा पैसे मांगने पर आरोपितों ने अभद्र व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. घटना के बाद कुछ देर तक पेट्रोल पंप पर तनाव का माहौल बना रहा.

संचालक ने इलिया थाने में तहरीर देकर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार व पेट्रोल पंप की सुरक्षा की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हो सकती है.

उधर, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दोनों पक्षों के बीच पुराने पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, जो पहले से न्यायालय में विचाराधीन है. पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद तथ्यों के अनुरूप आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है.

पीड़ित का बयान

मैं अपने परमहंस पेट्रोल पंप पर मौजूद था.बोलेरो से आए कुछ लोगों ने पेट्रोल भरवाया, लेकिन भुगतान करने से मना कर दिया. जब हमने पैसे मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है. मैंने पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई और अपने परिवार व पेट्रोल पंप की सुरक्षा की मांग की है.