गोण्डा: थाना धानेपुर क्षेत्र स्थित सरयू नहर के अलावल देवरिया में डूब रहे युवक की जान बचाकर साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले हेड कांस्टेबल पवन यादव को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. उनके इस सराहनीय कार्य की जिलेभर में सराहना हो रही है.
जानकारी के अनुसार, सरयू नहर में एक युवक के डूबने की सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल पवन यादव तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने बिना देर किए तेज बहाव वाली नहर में छलांग लगा दी. काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई.
बाद में युवक की पहचान राकेश कुमार, पुत्र स्वर्गीय नानबाबू, निवासी मोहल्ला खलबा, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोण्डा के रूप में हुई. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया. परिजनों ने हेड कांस्टेबल पवन यादव और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया.
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हेड कांस्टेबल पवन यादव को प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में दिखाया गया उनका साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा के प्रति उनका समर्पण अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































