UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और नई जिम्मेदारियों के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल के तहत प्रदेश के कई अहम पुलिस पदों पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों की पुलिस व्यवस्था में बदलाव देखने को मिला है।
लखनऊ और प्रयागराज को मिले नए पुलिस कमिश्नर
सरकार के आदेश के अनुसार IPS तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी IPS पीयूष मोर्डिया को सौंपी गई है। इससे पहले तरुण गाबा और पीयूष मोर्डिया प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर तैनात थे।
गोरखपुर जोन में भी बदलाव, अशोक जैन को मिली नई जिम्मेदारी
IPS अशोक जैन को गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, IPS राम कुमार को गोरखपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है। इस बदलाव को प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इंटेलिजेंस और वाराणसी जोन में नई तैनाती
IPS अमरेन्द्र के. सेंगर को लखनऊ पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, IPS नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
कई विभागों में बदले गए वरिष्ठ अधिकारी
फेरबदल के तहत IPS भगवान एस. श्रीवास्तव को तकनीकी सेवाओं का एडीजी, IPS आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को गृह विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा IPS मोहित गुप्ता को भ्रष्टाचार निवारण संगठन का आईजी, IPS विनोद कुमार सिंह को आईजी विशेष जांच, IPS धर्मवीर को आईजी पीएसी पूर्वी जोन और IPS जोगेंद्र कुमार को आईजी पीटीएस मुरादाबाद नियुक्त किया गया है। वहीं, IPS अनूप कुमार सिंह और IPS आनंद कुमार को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) और लोक शिकायत शाखा में पुलिस अधीक्षक की नई जिम्मेदारी मिली है।

















































