UP: कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, पायल व नकदी बरामद

सुल्तानपुर: जनपद की कोतवाली देहात पुलिस ने चोरी की एक वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई एक जोड़ी सफेद धातु की पायल तथा 1,770 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी लम्भुआ के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली देहात में दर्ज मु0अ0सं0-211/2026 से संबंधित चोरी के मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।

Also Read:‘सिलबट्टे से प्रेमी का कत्ल, घर में ही गाड़ दी लाश…’, UP पुलिस ने हत्यारी प्रेमिका और उसके पति को किया गिरफ्तार

थाना प्रभारी के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने सोमवार, 3 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 7 बजे इस्लामगंज रोड स्थित अहिरौली मोड़ पर घेराबंदी कर घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई एक जोड़ी सफेद धातु की पायल तथा 1,770 रुपये नकद बरामद किए गए।

Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

पुलिस के अनुसार 18/19 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने वादी राम लाल पुत्र त्रियुगी प्रसाद निवासी ग्राम मलिकपुर अहिरौली, थाना कोतवाली देहात के घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर रवीन्द्र तथा नरेश का नाम प्रकाश में आया, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर चोरी के माल की आंशिक बरामदगी की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवीन्द्र (21 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र तथा नरेश (25 वर्ष) पुत्र शिव प्रसाद, दोनों निवासी ग्राम वजूपुर, थाना कोतवाली देहात, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य आरक्षी प्रदीप सरोज, मुख्य आरक्षी शिव शंकर तथा मुख्य आरक्षी बृजेश यादव शामिल रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)