UP: सहारनपुर में पप्पू यादव के विरोध में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन, पुतला फूंककर जताया रोष

UP: सहारनपुर के हकीकत नगर स्थित रामलीला ग्राउंड में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सांसद का पुतला दहन किया और चप्पल मारकर अपना आक्रोश भी जाहिर किया।

संसद परिसर के प्रदर्शन को बताया धार्मिक भावनाओं से जुड़ा मामला

प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के मेरठ प्रांत संयोजक हरीश कौशिक ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में श्रीराम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दे को लेकर किया गया प्रदर्शन एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इससे सनातन संस्कृति और साधु-संतों की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Also Read :UP: आजमगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी दवा बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

‘हिंदू समाज नहीं करेगा ऐसे प्रयासों को स्वीकार’

हरीश कौशिक ने कहा कि अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में इस तरह की प्रतिक्रिया देखने को नहीं मिलती, लेकिन सनातन परंपराओं और संत समाज को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ऐसी गतिविधियों को स्वीकार नहीं करेगा और इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाता रहेगा।

पप्पू यादव के बयान पर कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के कथित बयान और संसद में किए गए प्रदर्शन पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी की और संगठन की ओर से हिंदू समाज से इस मुद्दे पर एकजुट रहने की अपील की गई।

Also Read :UP: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता, 8 वर्षीय मासूम को परिवार से मिलाकर बांदा पुलिस ने लौटाई खुशियां

एसआईटी जांच का हवाला देकर साधु-संतों के सम्मान की बात

हरीश कौशिक ने दुआयगो प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि मामले की जांच के लिए सरकार ने एसआईटी गठित कर दी है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच की प्रक्रिया के बीच पूरे संत समाज और सनातन संस्कृति पर सवाल उठाना उचित नहीं है। प्रदर्शन में विहिप और बजरंग दल के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)