UP: चंदौली जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए चकिया पुलिस और स्वाट (SOG) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान इलिया थाना क्षेत्र का 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने दबोच लिया।
वाहन चेकिंग के दौरान बदमाशों से हुआ सामना
पुलिस के मुताबिक सोमवार देर रात चकिया थाना क्षेत्र के गांधीनगर पुलिया के पास थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह और स्वाट प्रभारी रामजनम यादव अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बुलेट बाइक से आ रहे दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों पुलिस को चकमा देकर लतीफशाह की ओर भागने लगे।
जंगल में घिरी पुलिस टीम, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश बाइक लेकर जंगल की तरफ मुड़ गए। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस का आरोप है कि एक बदमाश ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
25 हजार के इनामी अली हसन की हुई पहचान
घायल आरोपी की पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुल हसन निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह इलिया थाने से 25 हजार रुपये का इनामी था और वर्ष 2025 से फरार चल रहा था। वहीं, उसका साथी सोनू अंसारी निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, मिर्जापुर जंगल में भाग गया था, जिसे पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा और कारतूस बरामद, आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस ने घटनास्थल से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



















































