जौनपुर: जनपद में बुधवार देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के मद्देनजर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर गुरुवार को जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने अवकाश संबंधी सूचना सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षक समूहों के माध्यम से तत्काल विद्यालयों तक पहुंचा दी है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी विद्यालय में शिक्षण कार्य संचालित न किया जाए।
लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव, फिसलन और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में बच्चों को विद्यालय आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना से बचाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की बात भी कही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































