UP: कैलाशपुरी शिव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, जलाभिषेक को लगी लंबी कतार

UP: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में सावन के सोमवार के अवसर पर कैलाशपुरी स्थित शिव मंदिर में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में काफी चहल-पहल रही। भक्त हाथों में जल और पूजा सामग्री लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा।

Also Read: UP: मथुरा में राशन वितरण पर सवाल, ग्रामीणों ने डीलर के खिलाफ खोला मोर्चा

इसी तरह वेदू व्यास मंदिर में भी भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार देखने को मिली। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भक्तों ने मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा को जल चढ़ाया।

Also Read: UP: सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध मौत, नहर किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। मंदिर परिसर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मंदिरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं। पुलिस की मौजूदगी में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)