UP: कांवड़ को छूने से मना करने पर विवाद, दो भाइयों से मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

मैनपुरी: थाना क्षेत्र के गांव मंछना में कांवड़ यात्रा को लेकर विवाद के बाद दो भाइयों से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कुछ युवकों पर गाली-गलौज, मारपीट और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव मंछना निवासी कुलदीप पुत्र रामखिलाड़ी दिवाकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नौ अगस्त की शाम वह गांव के कुछ युवकों के साथ कांवड़ लेने फर्रुखाबाद जा रहा था। इसी दौरान गांव के सोनू खां और साहिल खां भी साथ चलने की बात कहने लगे। मना करने के बावजूद दोनों उनके साथ चले गए। आरोप है कि फर्रुखाबाद से लौटने के बाद गांव में सोनू खां, पप्पू पाल और छोटे पाल समेत कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

Also Read: UP: सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध मौत, नहर किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

घायल संदीप दिवाकर ने बताया कि कांवड़ भरने के दौरान कुछ मुस्लिम युवक भी साथ गए थे। कांवड़ को छूने से मना करने पर सोनू खां ने गंगाजल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद सभी लोग फर्रुखाबाद से वापस गांव लौट आए। आरोप है कि सोमवार सुबह उक्त युवकों ने गांव में उसे और उसके भाई को घेर लिया और मारपीट की, जिससे दोनों भाइयों को चोटें आईं।

पीड़ित का आरोप है कि सोनू खां इससे पहले भी कई बार गाली-गलौज कर चुका है और विरोध करने पर तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। थाना पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सीएचसी भांवत भेजा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)