UP: कंटीले तारों से रास्ता बंद, रात में करंट दौड़ाने का आरोप

UP: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मठिया सोनारी कला गांव में आवागमन का रास्ता कंटीले तारों से बंद करने और रात के समय तारों में कथित रूप से करंट प्रवाहित करने का मामला सामने आया है। गांव निवासी बुजुर्ग महिला चंद्रकली पत्नी जिया लाल ने सोमवार को पति के साथ तहसील पहुंचकर एसडीएम अमेठी को शिकायती पत्र देकर रास्ता खुलवाने और तार हटवाने की मांग की।

शिकायत के मुताबिक गाटा संख्या 255 की हदबरारी कराई गई थी। इसके बगल में गाटा संख्या 257 खाद गड्ढा की जमीन है। चंद्रकली का आरोप है कि लंबे समय से करीब नौ फीट का रास्ता आवागमन के लिए खुला था, लेकिन माथा राम और जगदीश मिश्रा ने कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया। आरोप है कि रात के समय इन्हीं तारों में करंट भी प्रवाहित किया जाता है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना हुआ है।

Also Read: UP: सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध मौत, नहर किनारे मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

चंद्रकली के अनुसार पूर्व में हुई हदबरारी की रिपोर्ट में खाद गड्ढा की जमीन में न बढ़ने की बात स्पष्ट की गई थी। इसके बावजूद रास्ता बंद किए जाने का आरोप लगाया गया है। पति जिया लाल ने बताया कि सूचना पर 112 पुलिस टीम गांव पहुंची थी। टीम में सिपाही अनीश तिवारी, वीरेंद्र कुमार यादव और प्रदीप कौशिक शामिल थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद माथा राम ने करीब दस लोगों के साथ मिलकर कंटीले तार लगाकर रास्ता बंद कर दिया।

Also Read: बाराबंकी: हर-हर महादेव से गूंजा लोधेश्वर धाम, दूसरे सोमवार पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

शिकायत के बाद चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और करीब चार फीट रास्ता खुलवाया। हालांकि चंद्रकली का कहना है कि पहले से चला आ रहा करीब नौ फीट का रास्ता पूरी तरह खुलवाया जाए और करंट वाले तारों को हटवाया जाए।

सोमवार को चंद्रकली ने पति जिया लाल के साथ एसडीएम पंकज मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा। एसडीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसएचओ संग्रामपुर और संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)