UP: सुल्तानपुर में गांजा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 582 ग्राम अवैध गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार

सुल्तानपुर: कूरेभार थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 582 ग्राम अवैध गांजा बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

चेकिंग के दौरान मिली मुखबिर की सूचना

पुलिस के मुताबिक, जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कूरेभार पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सिद्धिगनेशपुर गांव के चैन का पुरवा में पानी की टंकी के पास लिंक रोड सर्विस रोड पर एक व्यक्ति गांजा लेकर खड़ा है।

Also Read: UP: अबॉर्शन के बाद महिला की मौत, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पॉली क्लीनिक सीज

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 582 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

आरोपी की पहचान, पहले भी दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान ननकऊ पुत्र जग्गू, निवासी कूरेभार चकिया, थाना कूरेभार, सुलतानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कूरेभार थाने में चोरी के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 138/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।

Also Read: UP: एसएन मेडिकल कॉलेज के बाहर प्राइवेट एंबुलेंस का जमावड़ा,जिम्मेदारों की चुप्पी पर सवाल

न्यायालय में पेश किया गया आरोपी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजे जाने की कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक उपेन्द्र प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, हेड कांस्टेबल अमित अवस्थी और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.