गोण्डा: शासन के निर्देश और जिला प्रशासन के आदेश पर स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच के लिए जिले में विशेष अभियान शुरू किया गया है। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने खोरहंसा, दर्जीकुआं, वजीरगंज, मुन्नन खां चौराहा और सर्कुलर रोड समेत विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच में फिटनेस फेल, परमिट फेल और परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चार स्कूल वाहनों को सीज कर दिया गया। संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को निर्देश दिए कि बच्चों के आवागमन में लगाए गए सभी वाहनों की फिटनेस वैध और अद्यतन होनी चाहिए। साथ ही परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत सभी जरूरी अभिलेख पूरे और वैध रखने होंगे। अनफिट अथवा परमिट फेल वाहनों का संचालन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाए।
Also Read: UP: मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्ती
25 अगस्त तक चलेगा अभियान
शासन के निर्देशानुसार 11 से 25 अगस्त 2026 तक विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा। इस दौरान जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और अन्य स्थानों पर पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें वाहनों की जांच करेंगी। अनफिट, परमिट फेल और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों की यात्रा में किसी भी तरह की लापरवाही अथवा परिवहन नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों से अभियान में सहयोग करते हुए सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।


















































