कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार

UP: फतेहपुर कोतवाली नगर क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में शालिनी यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके पति दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने के शक को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव था। पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी की।

कुकर के ढक्कन से किया हमला

पुलिस के अनुसार 8 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे दिलीप कुमार ने घर में रखे एल्युमिनियम के कुकर के ढक्कन से शालिनी के सिर और पीठ पर कई वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर शालिनी बेहोश होकर गिर गई। इसी दौरान पास में पड़े टूटे कांच से उसके दाहिने पैर में भी चोट आई। इसके बाद आरोपी ने उसे पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डाल दिया, ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके।

Also Read: UP: नाबालिग से कथित अप्राकृतिक कृत्य का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्ता

भाइयों को बताई अलग कहानी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसने शालिनी के ऊपर पानी डाला और कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से बाहर चला गया। वापस लौटने पर उसने अपने भाइयों संदीप और भूपेंद्र को शालिनी के गिरने से घायल होने की बात बताई। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद शालिनी को मृत घोषित कर दिया।

जांच के बाद पुलिस ने दबोचा

शालिनी के परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस टीम ने बुधवार, 12 अगस्त को कार्रवाई करते हुए आरोपी पति दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना बरामद साक्ष्यों और आरोपी के बयानों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

Also Read: UP: पति की मौत के सदमे में मां-बेटे ने खाया जहर, काशी दर्शन के लिए महाराष्ट्र से आया था परिवार

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल एल्युमिनियम के कुकर का ढक्कन, टूटे कांच के छह टुकड़े, प्लास्टिक का बाथटब, मोबाइल फोन घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक दिलीप और शालिनी की शादी वर्ष 2017 में हुई थी। करीब डेढ़ साल से दोनों के रिश्तों में तनाव चल रहा था। पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक और घरेलू खर्च को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)