सहारनपुर: स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों पर डीएम की सख्ती, स्वच्छता से लेकर अस्पतालों तक विशेष इंतजाम के निर्देश

सहारनपुर: आगामी स्वतंत्रता दिवस को भव्य, गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्वक मनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी अरविंद चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेभर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। मलिन बस्तियों और सार्वजनिक स्थलों की भी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस पर जिले का स्वरूप स्वच्छ और सुंदर नजर आए।डीएम अरविंद चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Also Read: UP: घर में सो रहे युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से किए कई वार, जांच में जुटी पुलिस

उन्होंने वृद्धाश्रमों में रहने वाले बुजुर्गों, बालिका संस्थानों तथा अस्पतालों में भर्ती मरीजों के बीच पहुंचकर फल एवं अन्य सामग्री वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सेवा, सम्मान और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित समय के अनुसार ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करने तथा स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा, ताकि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व जिले में हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)