इटावा में गृहक्लेश और जमीन विवाद के बीच महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, इलाज के दौरान मौत

इटावा: जसवंतनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनवा के मजरा मदनपुरा में गृह क्लेश और जमीन संबंधी विवाद के चलते एक विवाहित महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई ले गए, जहां इलाज के दौरान बुधवार दोपहर महिला ने दम तोड़ दिया।

ग्रामीणों के अनुसार, महिला ने देर रात विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन में उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।

Also Read: कुकर के ढक्कन से पत्नी की हत्या, फिर बाथटब में डालकर हादसा दिखाने की कोशिश पति गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि महिला के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद परिवार की सहमति से उसकी दूसरी शादी देवर के साथ कराई गई थी। पहले पति से महिला की एक पुत्री भी है। ग्रामीणों के मुताबिक पुत्री से जुड़े जमीन के अधिकार को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद और पारिवारिक कलह के चलते महिला ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों तथा विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)