UP: सड़क, बिजली, बाढ़ और स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभारी मंत्री ने कसी अधिकारियों की नकेल, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

UP: बलिया में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था और विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा में निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

जर्जर तार और ट्रांसफार्मर जल्द बदलने के निर्देश

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में बिजली कटौती को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। लाइन में खराबी आने पर तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने जर्जर विद्युत तारों को बदलने, जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफार्मर लगाने और मौजूदा ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने को कहा, ताकि लोगों को बिजली संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके।

Also Read: रायबरेली: AIIMS में मरीज की मौत पर भारी हंगामा, परिजनों ने डॉक्टरों पर लगाया लापरवाही का आरोप

ग्रीनफील्ड फोरलेन और अन्य सड़कों की प्रगति पर नजर

बैठक में एनएच-31 के गाजीपुर-बलिया-उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा ग्रीनफील्ड सेक्शन के फोरलेन निर्माण की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रभारी मंत्री ने निर्माण में तेजी लाकर इसे जल्द पूरा कराने को कहा। वहीं एनएच-727बी नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग का निर्माण वर्ष 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।

पुल और मार्गों के निर्माण में तेजी के निर्देश

बक्सर-भरौली के बीच निर्माणाधीन पुल की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने तय समय सीमा में काम पूरा कराने को कहा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बलिया-गाजीपुर तुर्तीपार मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण में तेजी लाने के साथ नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। बारिश के मौसम को देखते हुए सड़कों के गड्ढे तत्काल भरने और ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर जलभराव व कटाव से निपटने की तैयारियां पूरी रखने को कहा गया।

Also Read: UP: नगर निकायों की योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, ईओ परसपुर को शोकाज नोटिस

बलिया बाईपास और बाढ़ शरणालय पर भी फोकस

एनएच-31 बलिया (वैना) से बांसडीह मार्ग एनएच-107 तक प्रस्तावित बलिया बाईपास को महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए प्रभारी मंत्री ने इसे तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने पर जोर दिया। इसके अलावा बाढ़ सुरक्षा की समीक्षा में बलिया विधानसभा क्षेत्र में चयनित भूमि पर 150 लोगों की क्षमता वाले बाढ़ शरणालय के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)