UP: सीतापुर में अतीक के गुर्गे का आतंक! कई परिवारों पर घर-दुकान खाली करने का दबाव

UP: सीतापुर इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कचनार कस्बे में मकान, दुकानों और प्लॉट पर कथित कब्जे के प्रयास का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को ग्रामीणों की शिकायत सुनने पहुंचे नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ के सामने बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी परेशानी रखी और दबंगों से राहत दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वे करीब चार दशक से फाजिल मियां से जमीन लेकर मकान बनाकर रह रहे हैं। उनका कहना है कि बाद में फाजिल मियां ने खलील खां के पक्ष में जमीन का एग्रीमेंट कर दिया। इसके बाद से मुजीब गाजी और खलील खां पर मकान, दुकान और प्लॉट खाली करने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया जा रहा है।

Also Read: UP: जंतर-मंतर पर छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सांसद आदित्य यादव का केंद्र पर हमला, बोले- संसद में जवाब देने से क्यों बच रहे गृहमंत्री

पीड़ित परिवारों का दावा है कि कथित तौर पर लोगों को भेजकर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है। अपनी व्यथा बताते हुए कई ग्रामीण मंत्री के सामने भावुक भी हो गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों की शिकायतों पर मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने कहा कि किसी को भी जबरन किसी के मकान, दुकान या जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Also Read: UP: जंतर-मंतर पर छात्रों पर कार्रवाई को लेकर सांसद आदित्य यादव का केंद्र पर हमला, बोले- संसद में जवाब देने से क्यों बच रहे गृहमंत्री

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य लोगों को बसाना है, उजाड़ना नहीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर पूरे मामले को मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी लाया जाएगा।

इस बीच माफिया अतीक अहमद के साथ सीतापुर के मुजीब अहमद की कथित तस्वीर वायरल होने का मामला भी चर्चा में है। मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ ने सख्त लहजे में कहा कि सीतापुर में किसी भी तरह की दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि माफिया सीतापुर छोड़ दें, वरना जेल जाना पड़ेगा या फिर उनका कोई ठिकाना नहीं बचेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)