UP: बांदा सास की मौत के बाद मायके से ससुराल लौटी बहू को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। लखन कॉलोनी निवासी राजेंद्र प्रसाद ने आरोप लगाया है कि बेटे से विवाद के बाद उनकी बहू ने मायके के चार लोगों को ससुराल बुलाया और विवाद के दौरान दिवंगत सास के करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद और कीमती साड़ियां लेकर चली गई। मामले में कोर्ट के आदेश पर अतर्रा पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शादी के बाद विवाद, सास की मौत पर लौटी थी ससुराल
राजेंद्र प्रसाद के अनुसार, उनके बेटे दिलीप सोनी की शादी 20 अप्रैल 2025 को महोबा के बांस-पहाड़िया गांव निवासी आकृति सोनी से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा, जिसके बाद बहू मायके चली गई थी। जनवरी में सास के निधन के बाद आकृति अंतिम संस्कार में शामिल होने ससुराल आई और इसके बाद वहीं रहने लगी।
Also Read: डेढ़ महीने में खाते से उड़ाए 6.75 लाख…आजमगढ़ में 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
पति से कहासुनी के बाद मायके वालों को बुलाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 मार्च की रात दिलीप और आकृति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद आकृति ने अपने पिता जयप्रकाश, भाई अनुभव उर्फ बाबी, बहन रिया और चाचा सुधीर उर्फ बबलू को घर बुला लिया। राजेंद्र का आरोप है कि रात में पहुंचे लोगों ने परिवार के साथ अभद्रता की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
जेवर, नकदी और साड़ियां ले जाने का आरोप
राजेंद्र प्रसाद का दावा है कि विवाद के बाद उनकी दिवंगत पत्नी के करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर, 20 हजार रुपये नकद और महंगी साड़ियां घर से गायब मिलीं। आरोप है कि जब बेटे ने सामान वापस करने को कहा तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
राजेंद्र ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद अतर्रा पुलिस ने बहू समेत पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मुकदमा न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है और मामले में सभी आरोपों की जांच की जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































