UP: बारिश में गिरी कच्ची कोठरी, मलबे में दबे बुजुर्ग दंपति; पति की मौत

UP: रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे नसीरपुर ग्राम पंचायत में शुक्रवार देर रात लगातार बारिश के बीच कच्ची कोठरी भरभराकर गिर गई। हादसे में कोठरी में सो रहे बुजुर्ग दंपति मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बुजुर्ग बैजू (80) की मौत हो गई। उनकी पत्नी राजदेई (78) का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानिए पूरा मामला क्या है

शुक्रवार देर रात बारिश के दौरान बैजू और उनकी पत्नी राजदेई कच्ची कोठरी में सो रहे थे। अचानक कोठरी की दीवारें भरभराकर गिर गईं और दोनों मलबे में दब गए। हादसे के बाद, चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।  सद्दाम, अवधेश और राजू समेत अन्य ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर दोनों को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें जगतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

ALSO READ: UP: खेत जाने से डर रहे थे ग्रामीण, अब पिंजरे में कैद हुआ सातवां तेंदुआ, ठाकुरद्वारा में दहशत के बीच बड़ी सफलता

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात बैजू ने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कई दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। गुरुवार शाम हुई तेज बारिश से कच्ची कोठरी का छप्पर पूरी तरह भीग गया था। छप्पर का वजन बढ़ने के कारण कच्ची दीवारें कमजोर हो गईं और देर रात अचानक ढह गईं। हादसे के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)