UP: मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं के आतंक के बीच वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के सरकड़ा परम गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हो गया। ये इस इलाके में पकड़ा गया सातवां तेंदुआ बताया जा रहा है।
पढ़िए पूरा मामला क्या है
तेंदुआ पिंजरे में कैद होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेंदुओं की सक्रियता को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ था। वन विभाग की टीमें लगातार संवेदनशील इलाकों में निगरानी और रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
बताया जा रहा है कि 3 अगस्त से वन विभाग की टीमें तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए गए हैं और टीमों द्वारा लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुओं की मौजूदगी और हमलों को लेकर ग्रामीण लंबे समय से भय के माहौल में हैं। अब तक तेंदुए के हमलों में दो महिलाओं की मौत होने की बात सामने आई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी बताई जा रही है।
ALSO READ: UP: मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी,बलिया गांव में दहशत
सरकड़ा परम गांव में सातवें तेंदुए के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों को कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन वन विभाग ने निगरानी और रेस्क्यू अभियान जारी रखा है। विभाग की टीमें आसपास के गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों पर भी नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी अन्य तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। वन विभाग की लगातार कार्रवाई के बावजूद ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है। लोगों को जंगल या खेतों की ओर अकेले न जाने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। फिलहाल सातवें तेंदुए के पकड़े जाने से इलाके में राहत का माहौल है। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































