UP: सहारनपुर में लेखपालों का हल्ला बोल, फर्जी ट्रैप कार्रवाई के खिलाफ CM योगी से निष्पक्ष जांच की मांग

UP: सहारनपुर के लेखपाल संघ ने लेखपालों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन (ACO), एंटी करप्शन एवं विजिलेंस द्वारा की जा रही कथित गलत और दुर्भावनापूर्ण ट्रैप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है। संघ का कहना है कि लेखपाल गांव-गांव जाकर भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण और राजस्व संबंधी कार्य करते हैं। ऐसे मामलों में नियमविरुद्ध काम से इनकार करने पर कई बार शिकायतकर्ता या दलाल निजी रंजिश के चलते झूठी शिकायत कर सकते हैं।

संघ ने हाल ही में 20 अगस्त 2026 को अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षदीप के खिलाफ हुई कार्रवाई का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि इस मामले में CCTV फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जाना चाहिए।लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सोहावल प्रकरण की स्वतंत्र और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

Also Read: UP: लेखपालों ने खोला मोर्चा! अमेठी तहसील में प्रदर्शन, समाधान दिवस का बहिष्कार

साथ ही भविष्य में किसी भी लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, उसकी रंजिश, शिकायत के उद्देश्य और संबंधित कार्य में लेखपाल की वास्तविक भूमिका की जांच अनिवार्य की जाए। संघ ने कहा कि भ्रष्टाचार का समर्थन नहीं किया जाता और रिश्वत लेने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निर्दोष कर्मचारी को षड्यंत्रपूर्वक फंसाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

संघ ने ACO और विजिलेंस कार्रवाई के लिए स्पष्ट और पारदर्शी SOP जारी करने तथा फर्जी शिकायत या दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई साबित होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।इन्हीं मांगों को लेकर लेखपालों ने कलम बंद हड़ताल और धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)