Mathura: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महापर्व को लेकर शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम ने अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज के निर्देश पर शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर लगे अवैध होर्डिंग्स, पोस्टर और बैनर हटाए। कार्रवाई के दौरान संबंधित लोगों पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
नगर निगम की टीम ने न्यू बस स्टैंड, सेंट्रल होटल, एसबीआई चौराहे से मछली पुल, एसएसपी कार्यालय और कचहरी के सामने पेट्रोल पंप क्षेत्र समेत कई स्थानों पर अभियान चलाया। टीम ने बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग्स और अन्य प्रचार सामग्री को हटाकर कब्जे में लिया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जन्माष्टमी महापर्व के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के साथ ही सार्वजनिक स्थलों को अवैध विज्ञापनों से मुक्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अभियान पूरे दिन शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति होर्डिंग, पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
ALSO READ: मथुरा: बारिश के बाद जलभराव की शिकायतों पर तुरंत एक्शन, निगम की टीमों ने संभाली कमान
नगर निगम ने संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह की विज्ञापन सामग्री लगाने से पहले अनुमति लेने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर जुर्माने के साथ आवश्यकतानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



