बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद में जिला अस्पताल में स्थित पोस्टमार्टम हाउस की बदहाली और चरमराई व्यवस्था के खिलाफ सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया है। पोस्टमार्टम हाउस में रखें सभी डीप फ्रीजर लंबे समय से खराब होने के कारण शवों के सड़ने और भीषण दुर्गंध फैलने से नाराज लोगों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर रखकर ॐ नरेंद्र मोदी नमः मंत्र का जाप करना शुरू कर दिया है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कई बार गुहार लगाई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। थक-हार कर उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे दावों से प्रेरित होकर यह अनोखा रास्ता चुना है। युवा समाजसेवी सागर सिंह राहुल का कहना है कि जब तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है, तो वह प्रधानमंत्री की तस्वीर के सामने बैठकर जप कर रहे हैं ताकि कोई चमत्कार हो और तीन-चार दिनों के भीतर पोस्टमार्टम हाउस में नए डीप फ्रीजर लग सके।
Also Read: पति की मारपीट, जबरन दवाएं और देवर की अश्लील हरकत…बरेली में विवाहिता ने SSP से लगाई गुहार
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सागर और विक्रांत सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस के व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि जिंदा रहते इंसान महंगाई और भ्रष्टाचार की मार झेलता है लेकिन बलिया में मरने के बाद शवों को भी सम्मान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास और करोड़ों के बजट के बड़े-बड़े दावे केवल पोस्टरों और भाषणों तक सीमित है, जबकि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह ध्वस्त है।
उभांव थाना क्षेत्र में नहर में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गयी जिसका शव लेकर पहुंचे संजीत कुमार शर्मा ने पोस्टमार्टम हाउस के हालात पर गहरा रोष जताया, उन्होंने बताया कि फ्रीजर की सुविधा न होने से शव फूलने लगा है और तेज दुर्गंध आ रही है। ऐसी दुर्दशा देखकर परिजनों और तीमारदारों का रुकना भी दूभर हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द डीप फ्रीजर की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो यह प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ एक बड़ा आंदोलन बनेगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































