चंदौली: जनपद चंदौली में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी चंदौली की अनुमति के क्रम में मंगलवार, 25 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय पूर्ण रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार की ओर से जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि भारी बारिश के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 25 अगस्त को अवकाश रहेगा।
बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश को अपने-अपने क्षेत्र के सभी विद्यालयों और प्रधानाध्यापकों तक तत्काल पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को समय रहते विद्यालय बंद रहने की जानकारी मिल सके। साथ ही विद्यालय स्तर पर आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
ALSO READ: Azamgarh: नाबालिग बहनों को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार
प्रशासन के इस फैसले से लगातार बारिश के बीच बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर अभिभावकों की चिंता कम हुई है। कई क्षेत्रों में जलभराव और बारिश के कारण आवागमन प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों को भी स्थानीय परिस्थितियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































