Banda: उन्नाव के एक कार्यक्रम का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। वीडियो में राष्ट्रगान के दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के मंच से नीचे उतरकर जाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ा विरोध जताते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
थाना कोतवाली नगर पहुंची कांग्रेस, जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी को तहरीर सौंपी। कांग्रेस ने तहरीर में वायरल वीडियो और कार्यक्रम की पूरी फुटेज की जांच कराने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कार्यक्रम में राष्ट्रगान शुरू होने के दौरान विधानसभा अध्यक्ष मंच से नीचे उतरते नजर आ रहे हैं। पार्टी ने इसे राष्ट्रगान के सम्मान और संवैधानिक पद की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज कराने की मांग की।
कांग्रेस बोली- ‘यह गंभीर मामला’
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जैसे ही ‘जन गण मन’ शुरू हुआ, सतीश महाना उठकर जाने लगे। कांग्रेस ने इसे राष्ट्रगान के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और यदि जांच में कानून का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। कांग्रेस ने पुलिस से वायरल वीडियो की सत्यता की जांच, कार्यक्रम की मूल फुटेज सुरक्षित कराने और सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज कराने की मांग की है।
ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद
इस दौरान प्रद्युम्न दुबे, बल्देव वर्मा, मो. इदरीश, कालीचरण, शोएब रिजवी, हेमंत वर्मा, बी लाल, संतोष द्विवेदी, रमेश गुप्ता, दिव्यांश वर्मा, सत्यम सिंह, वारिस अली, इस्लाम और सुखदेव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।हालांकि वायरल वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।



















































