UP: चंदौली के अलीनगर वार्ड नंबर-9 स्थित प्रजापति एवं दलित बस्ती में पिछले करीब एक माह से जलजमाव की समस्या बनी हुई है। लगातार बारिश के बाद हालात और खराब हो गए हैं। बस्ती के लोगों का आरोप है कि गंदे पानी और जलभराव के बीच रहने को मजबूर होने से उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानिए क क्या पूरा मामला?
छात्र नेता एवं एलबीएस पीजी कॉलेज मुगलसराय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित यादव ने मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर नगर पालिका प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और मलेरिया समेत अन्य बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वहीं, सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीव भी घरों में पहुंच रहे हैं। अंकित यादव ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, मजदूर काम पर नहीं जा पा रहे हैं और मरीजों, महिलाओं तथा बुजुर्गों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कई कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
ALSO READ: Jaunpur: जफराबाद में 12 सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी, 10.59 करोड़ रुपये होंगे खर्च
उन्होंने नगर पालिका प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दो दिन का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो वह बस्ती के लोगों के साथ टैंकरों और ड्रमों में पानी भरकर नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अंकित यादव ने स्थानीय विधायक से भी सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है। जलजमाव की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































