Raebareli: त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को जिले में दो अलग-अलग टीमों ने भोजपुर और बछरावां क्षेत्र में स्थित मिठाई कारखानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीमों ने करीब 450 किलोग्राम खराब मिठाई और घटिया कच्चा माल मौके पर ही नष्ट कराया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.27 लाख रुपये बताई जा रही है।
भोजपुर बाजार: 150 किलो चमचम छेना कराया गया नष्ट
पहली टीम ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में भोजपुर बाजार स्थित ‘झुल्लन स्वीट हाउस’ के निर्माण परिसर पर औचक छापा मारा। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय प्रताप सिंह, उदय राज मौर्य और सुमांशु सचान शामिल रहे। टीम ने परिसर से चमचम मिठाई, छेना और पनीर के नमूने सील किए। मौके पर 46 हजार रुपये कीमत की 150 किग्रा चमचम छेना मिठाई सड़ी-गली और दुर्गंधयुक्त पाई गई, जिसे तुरंत नष्ट कराया गया। इसके बाद टीम ने ‘चौहान स्वीट हाउस’ की जांच की। यहां से खोया और छेना मिठाई के नमूने भरे गए। परिसर में रखा 26,250 रुपये का 75 किलो मिलावटी खोया और छह हजार रुपये मूल्य की 25 किलो खराब छेना मिठाई भी गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराई गई।
बछरावां: अघौरा गांव में भी हुई कार्रवाई
दूसरी टीम ने सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) मानिक चन्द्र सिंह की अगुआई में बछरावां थाना क्षेत्र के ग्राम अघौरा में कार्रवाई की। जहां 49 हजार रुपये मूल्य का 200 किलोग्राम छेना और काला जाम मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इस टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार यादव, संजय कुमार और कंचन लता मौजूद रहे। टीम ने गांव स्थित मिष्ठान निर्माण इकाइयों से भी संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे।
सहायक खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और मानकों की भारी अनदेखी पाई गई, जिस पर संचालकों को कड़ी चेतावनी के साथ सुधार नोटिस जारी किया गया है। सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषी कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

















































