अमेठी: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के टीकरमाफी चौकी इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से चोर लगातार घरों और वाहनों को निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे ग्रामीणों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ताजा मामला बनवीरपुर गांव के शंकरगढ़ चौराहे के पास का है। बीती रात चोरों ने शेषनारायण दुबे के घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को निशाना बनाया। चोर ट्रैक्टर की बैटरी और पटिया चोरी कर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
इससे एक दिन पहले इसी गांव में लखन वर्मा और लखतका वर्मा के घर के बाहर खड़ी साइकिलों को चोरों ने पार कर दिया था। वहीं, कुछ दिन पहले पड़ोसी भावलपुर मौहरिया गांव में चंचल तिवारी के घर के पास खड़े तीन डंपरों से चोर तीन बैटरियां चोरी कर ले गए थे। ग्रामीणों के मुताबिक, इन घटनाओं का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस हर बार जांच की बात कहकर मामले को टाल देती है। लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त प्रभावी नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं।
लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पूर्व में हुई वारदातों का जल्द खुलासा करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



