Amethi: Swine Flu के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिला अस्पताल में 10 और सभी CHC में 5-5 बेड आरक्षित

Amethi: प्रदेश में Swine Flu के बढ़ते मामलों को देखते हुए अमेठी का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए 10 बेड आरक्षित किए गए हैं, जबकि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर पांच-पांच बेड की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों में उपलब्ध ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को भी चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जानिए पूरा मामला क्या है?

राहत की बात यह है कि अमेठी जिले में अभी तक स्वाइन फ्लू का एक भी मरीज सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि Swine Flu से निपटने के लिए जिले में पर्याप्त मात्रा में दवाओं का स्टॉक उपलब्ध है। जिले में छह ऑक्सीजन प्लांट स्थापित हैं, जो सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा सभी अस्पतालों में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं।

ALSO READ: Etawah: तीमारदारों की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन का एक्शन, तीन सदस्यीय जांच टीम गठित, 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट

सीएमओ के मुताबिक Swine Flu के मरीजों को लक्षण और गंभीरता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाता है। सी कैटेगरी सबसे गंभीर स्थिति मानी जाती है। ऐसे मरीजों को बिना जांच का इंतजार किए तत्काल अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू किया जाता है। बी कैटेगरी में 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों समेत ऐसे मरीज शामिल होते हैं, जिनमें बुखार, उल्टी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। उन्हें तत्काल दवा देकर उपचार किया जाता है। वहीं ए कैटेगरी में सामान्य लक्षण वाले मरीजों को दवा देकर घर पर आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों के स्टाफ को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी संभावित मरीज की सूचना मिलने पर तत्काल उपचार और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, खांसी, बुखार या अन्य फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। समय पर जांच और उपचार से बीमारी को गंभीर होने से रोका जा सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)