UP: बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र के देवीपुरा बाजार के पास 21 अगस्त की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए 18 वर्षीय युवक सुमित कुमार की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतक के परिजनों और पुलिस के दावों में विरोधाभास देखने को मिल रहा है; जहां परिजनों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस इसे हादसे का मामला बता रही है।
जानिए मामले से जुड़ी पूरी जानकारी
ग्राम देवीपुरा निवासी भूप सिंह ने बहेड़ी थाने में तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, 21 अगस्त की दोपहर ग्राम गरीबपुरा निवासी परमवीर, सचिन और कपिल ने उनके भाई सुमित को रोककर गाली-गलौज और मारपीट की थी। आरोप है कि उसी शाम जब सुमित अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तब देवीपुरा बाजार से लगभग 100 मीटर पहले आरोपियों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की मदद से घायल सुमित को पहले CHC बहेड़ी ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक ICU में इलाज चलने के बाद शनिवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
बहेड़ी थाने के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा के मुताबिक, युवक हादसे में घायल हुआ था और PRV गाड़ी उसे अस्पताल लेकर गई थी। उन्होंने बताया कि उसी दिन दोपहर में सुमित की दोस्तों के साथ मारपीट भी हुई थी, जिस पर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की विवेचना के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































