UP: हाथरस पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 शातिर अंतर्जनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिल और एक स्कूटी यानी कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
दरअसल, पिछले करीब 3 से 4 महीनों से हाथरस में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी। इसके बाद पुलिस ने इस बार पारंपरिक तरीके के साथ-साथ तकनीक का भी सहारा लिया। पुलिस ने यूपी-112 से वाहन चोरी की घटनाओं का डेटा जुटाया और उसका गहन विश्लेषण किया। जिन-जिन इलाकों में सबसे ज्यादा वाहन चोरी हुईं, उन स्थानों को गूगल मैप पर चिन्हित कर हॉटस्पॉट मैप तैयार किया गया।
Also Read:बरेली: भाजपा नेता हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 60 घंटे में पुलिस को मिली सफलता
इसके बाद इन चिन्हित स्थानों पर एसओजी और थाना कोतवाली नगर पुलिस ने निगरानी और सघन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान 31 अगस्त को किला खाई गौशाला के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने 5 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा किया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग स्थानों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करते थे और चोरी किए गए वाहनों को किला खाई क्षेत्र में सुनसान स्थान पर छिपा देते थे। इसके बाद वाहनों को खोलकर उनके अलग-अलग पुर्जे निकाल लिए जाते थे और इन्हें कबाड़ में बेच दिया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 12 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम माहौर, सादाव, अंकित कुशवाह, संकेत वाल्मीकि और हुसैन अल्वी के रूप में हुई है। सभी आरोपी हाथरस कोतवाली नगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है। यानी हाथरस में वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रही, बल्कि डेटा एनालिसिस और हॉटस्पॉट मैपिंग के जरिए पूरे गिरोह तक पहुंचने में पुलिस कामयाब रही।

















































