अंकित बालियान हत्याकांड: दो शूटर एनकाउंटर में ढेर, पिता बोले-आधा इंसाफ मिला, बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई हो

अंकित बालियान हत्याकांड: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस और एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ में हत्याकांड से जुड़े दो इनामी शार्प शूटर मोहित और सुमित मारे गए। दोनों पर क्रमश: 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। घटना के बाद अंकित के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस को धन्यवाद दिया।

कैराना रोड पर हुई मुठभेड़, इलाज के दौरान दोनों की मौत

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को शामली के कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास थाना झिंझाना, शामली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इसी दौरान अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित दोनों शूटरों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में मोहित और सुमित को गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

ALSO READ: Banda: घर के अंदर धड़ल्ले से बन रहे थे तमंचे, बांदा में पुलिस की रेड से मचा हड़कंप, 9 तमंचे और कारतूस बरामद

पुलिसकर्मी भी घायल, हथियार और बाइक बरामद

मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 26 जिंदा कारतूस और 15 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बैग, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं। पुलिस के अनुसार, मोहित के खिलाफ पहले से 14 मुकदमे दर्ज थे, जबकि सुमित पर एक मामला दर्ज था।

हत्याकांड में छह लोगों की भूमिका सामने आई

पुलिस की अब तक की जांच में अंकित बालियान की हत्या की साजिश में कुल छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें चार शूटर और दो ऐसे लोग बताए जा रहे हैं, जिन्होंने कथित तौर पर रेकी की थी। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

Also Read: Bareilly: घर में घुसकर महिला से अभद्रता और मारपीट का आरोप, शिकायत करने जाते समय फिर पीटा, जानिए क्या है पूरा मामला?

पिता बोले- आधा इंसाफ मिला, बाकी आरोपियों पर भी हो कार्रवाई

मुठभेड़ के बाद अंकित के पिता सत्यवीर सिंह बालियान ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से उन्हें संतुष्टि मिली है और अच्छा काम हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा कि परिवार को फिलहाल आधा इंसाफ मिला है, जबकि बाकी आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। गौरतलब है कि अंकित की पत्नी ने आत्मदाह की चेतावनी दी थी, जबकि पिता ने महापंचायत कर खुद कार्रवाई करने की बात कही थी। इसके चलते पुलिस-प्रशासन पर लगातार दबाव बना हुआ था और मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)