Bareilly: बरेली जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे युवक से बैग झपटकर नकदी छीनने की घटना का खुलासा करते हुए मीरगंज पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, छिनैती के 9,500 रुपये, वारदात में प्रयुक्त बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है।
जानिए क्या है पूरा मामला?
रम्पुरा जाटान निवासी निर्देव कुमार ने पुलिस को बताया था कि 29 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से जनसेवा केंद्र से घर लौट रहे थे। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास मोड़ पर पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके कंधे पर टंगा बैग झपटकर फरार हो गए। बैग में नकदी रखी थी। मामले में मीरगंज थाने में एफआईआर संख्या 374/26 दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
ALSO READ: Etawah: कुल्हाड़ी से हमला करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, झाड़ियों से हथियार बरामद
पुलिस के अनुसार, दो सितंबर की रात क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बलुपुरा चौराहे के पास दो बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर ली। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल की पहचान मोहल्ला शिवपुरी निवासी रवि पुत्र अशोक (26) के रूप में हुई, जबकि उसके साथी की पहचान मोहल्ला मालीपुरा निवासी विक्की पुत्र मूलचंद (19) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने 29 जुलाई को हुई छिनैती की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। घायल आरोपी को अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और वारदात में शामिल अन्य संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































