UP: रायबरेली के जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में Rocket Learning और बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग के संयुक्त प्रयासों से रायबरेली ने बाल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अगस्त माह के प्रदेश स्तरीय मूल्यांकन में जनपद को अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठकों के सफल आयोजन के मामले में उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।
99 प्रतिशत केंद्रों पर हुआ बैठकों का आयोजन
जनपद के 99 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी रही। बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास से जुड़े विषयों पर अभिभावकों तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के बीच संवाद स्थापित किया गया।
बच्चों के विकास में अभिभावकों की भागीदारी पर जोर
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ने बताया कि बैठकों का उद्देश्य घर और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच बेहतर तालमेल बनाना है। Rocket Learning और ICDS विभाग के सहयोग से अभिभावकों को बच्चों की सीखने की गतिविधियों, पोषण तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
टीमवर्क से मिली प्रदेश स्तर पर सफलता
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी जिला स्तरीय टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों और मुख्य सेविकाओं के निरंतर परिश्रम तथा बेहतर समन्वय से अगस्त माह की रैंकिंग में रायबरेली को प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
Also Read: उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
पूरी टीम को दी बधाई, आगे भी जारी रहेगा प्रयास
सुरेन्द्र कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी सीडीपीओ, सुपरवाइजरों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और रचनात्मक गतिविधियों का लाभ अंतिम बच्चे तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों को आगे भी जारी रखने का आह्वान किया गया।



















































