उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार प्रातः लगभग 7:45 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय तिलई बेलवा एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों की डिजिटल उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति तथा पठन-पाठन की व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने शिक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि बच्चों की डिजिटल उपस्थिति बढ़ाई जाए तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को निपुण बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर जोर दिया।

आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की तथा प्रारंभिक शिक्षा और पोषण व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के समय विद्यालय में छह शिक्षक एवं दो शिक्षामित्र कार्यरत पाए गए, जिनमें से एक शिक्षामित्र अनुपस्थित मिला। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित शिक्षामित्र को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)