UP: कन्हैया की नगरी में भक्ति का उल्लास, कृष्णलीला-भजनों से गूंज रही मथुरा

UP: श्रीकृष्णोत्सव 2026 के उल्लास में कन्हैया की जन्मस्थली मथुरा भक्ति और संस्कृति के रंग में सराबोर हो गई है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों, तिराहों और चौराहों पर कृष्णलीला, भजन और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। पांचजन्य प्रेक्षागृह में प्रख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भक्ति का रंग और गहरा कर दिया।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से शहर में 27 सुसज्जित मंच बनाए गए हैं। इन पर रासलीला, कृष्णलीला, फूलों की होली और लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां हो रही हैं। बाहर से आए श्रद्धालु ब्रज की लोक संस्कृति का आनंद लेते नजर आए। डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में प्रख्यात भजन गायक देवर्षि शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। उनके भजनों पर पूरा प्रेक्षागृह राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।

Also Read: ‘कृष्ण-राम में आस्था हमारी ताकत, बाबर-औरंगजेब के जहर…’, मथुरा में CM योगी का विरोधियों पर निशाना

कृष्णा सागर कलेक्टिव की भजन जैमिंग में आधुनिक संगीत और पारंपरिक भजनों के फ्यूजन ने युवाओं को भी झूमने पर मजबूर कर दिया। अंतिम प्रस्तुति कृष्णा कॉन्सर्ट-डिवोशनल म्यूजिकल रही, जिसमें कलाकारों ने भक्ति और शास्त्रीय संगीत का संगम प्रस्तुत किया।

इस दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव पांडेय, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता अमरदीप और अनूप शर्मा ने कलाकारों को सम्मानित किया। चार सितंबर को पांचजन्य प्रेक्षागृह में युवा कथावाचक मोहित शेवानी, गायिका स्नीति मिश्रा सहित अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। शाम को भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है.