बांदा: खेत में भरा बारिश का पानी निकालने की कोशिश एक किसान की जिंदगी पर भारी पड़ गई।आधी रात अंधेरे में खेत पहुंचे किसान को जहरीले सांप ने पैर में डस लिया।हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे,लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।डॉक्टरों ने किसान को मृत घोषित कर दिया।दिल दहला देने वाली यह घटना बबेरू कोतवाली क्षेत्र के गुरौली सपहाई गांव की है।गांव निवासी कैलाश यादव (45) पुत्र राजाराम यादव के धान के खेत लगातार बारिश के चलते पानी से भर गए थे।
Also Read: छात्रहितों को लेकर परिषद का विकास भवन पर प्रदर्शन, सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि कैलाश खेत का पानी निकालने पहुंचा था।बताया गया कि खेत में पानी निकालते समय अचानक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया।सांप के डसने के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।परिजन उसे पहले गांव में झाड़-फूंक कराने ले गए। हालत में सुधार न होने पर देर रात उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरू ले जाया गया।अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने कैलाश को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज की मर्चरी भेजा गया।



















































